BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं…

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा गुरसिया पुल का मरम्मत कार्य: 4.76 करोड़ खर्च, फिर भी उखड़ी सड़क; आम आदमी पार्टी ने खोला मोर्चा

कटघोरा/पोड़ी उपरोड़ा(STATETV24) : कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर स्थित गुरसिया पुल के मरम्मत कार्य में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। 4.76 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से कराए गए मरम्मत कार्य के कुछ ही महीनों बाद सड़क की परत उखड़ने लगी है। इस घटिया निर्माण से नाराज आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने पुल के पास सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

​जानकारी के अनुसार, गुरसिया पुल पर यातायात को सुगम बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर हाल ही में मरम्मत कराई गई थी। लेकिन चंद महीनों में ही इस निर्माण कार्य की पोल खुल गई है। सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है और डामर की परतें उखड़ रही हैं। इसके चलते भारी वाहनों और आम यात्रियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। सड़क खराब होने के कारण हाईवे पर आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे हमेशा किसी बड़े हादसे का अंदेशा बना रहता है।

​इस गंभीर लापरवाही और जनसमस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया। ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने गुरसिया पुल के पास सांकेतिक धरना दिया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए। पार्टी का सीधा आरोप है कि यदि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी चंद महीनों में सड़क उखड़ जाए, तो इसमें बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है।

​प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पुल और सड़क की तत्काल दोबारा मरम्मत कराई जाए। साथ ही, पूर्व में हुए मरम्मत कार्य की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पाए जाने वाले ठेकेदार व विभागीय अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।

​धरना प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे पोड़ी उपरोड़ा तहसीलदार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी सौंपा। अब क्षेत्र की जनता की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या इस मामले में जांच कर कोई जिम्मेदारी तय की जाएगी, या फिर यह पूरा मामला सिर्फ खोखले आश्वासनों के बीच फाइलों में दबकर रह जाएगा।

satyandaj@yahoo.com Avatar

मुख्य खबर >>

October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031