गौरेला पेंड्रा मरवाही(STATETV24) : 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज जनपद पंचायत पेंड्रा की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इस दौरान विकसित भारत–जी राम जी योजना के उद्देश्यों, प्रावधानों एवं ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका को लेकर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पिपलामार, जनपद पंचायत पेंड्रा में आयोजित विशेष ग्राम सभा में कार्यक्रम अधिकारी श्री पवन द्विवेदी एवं तकनीकी सहायक श्री प्रवीण गोयल द्वारा सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, पंचगण एवं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को विकसित भारत–जी राम जी योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय आवश्यकताओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर समावेशी, टिकाऊ एवं आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों के निर्माण की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना है। ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों की आवश्यकताओं, सुझावों एवं प्राथमिकताओं को समझते हुए “विकसित ग्राम पंचायत प्लान” तैयार करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। ग्राम सभा में ग्रामीणों को अपने गांव की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा ग्राम पंचायत के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान “गांव के विकास से देश का विकास और विकसित ग्राम पंचायत से विकसित भारत” की भावना के साथ ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने गांव के विकास से जुड़े सुझाव एवं आवश्यकताएं साझा कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि ग्रामवासियों की भागीदारी से गांव के भविष्य की विकास योजना तैयार करना रहा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
गौरेला पेंड्रा मरवाही : विशेष ग्राम सभा में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, ग्राम पंचायतों को विकसित बनाने की दिशा में बढ़े कदम














