कोरबा/पोंडी उपरोड़ा(STATETV24)। जिले के पोंडी उपरोड़ा विकासखंड के लिए आज का दिन बेहद गौरवपूर्ण है। प्राथमिक विद्यालय जटगा की प्रधान पाठक श्रीमती अभिलाषा अवस्थी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए शनिवार, 19 सितंबर को प्रतिष्ठित ‘स्वर्गीय श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान’ से नवाजा जाएगा।
यह भव्य सम्मान समारोह ‘राष्ट्रीय शिक्षा अंजोरा भारत’ के तत्वावधान में रायगढ़ स्थित नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में पूरे देश से चयनित ऐसे 200 शिक्षकों को सम्मानित किया जाना है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी है। इस राष्ट्रीय सूची में पोंडी उपरोड़ा क्षेत्र की प्रधान पाठक का शामिल होना पूरे कोरबा जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
श्रीमती अवस्थी को यह सम्मान प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, बेहतरीन शिक्षण कार्य और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उनके निरंतर प्रयासों को देखते हुए प्रदान किया जा रहा है।
क्षेत्र में हर्ष का माहौल, मिल रहीं बधाइयां
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने की खबर से प्राथमिक विद्यालय जटगा सहित पूरे पोंडी उपरोड़ा विकासखंड के शिक्षक समुदाय, विद्यार्थियों, अभिभावकों और अंचलवासियों में हर्ष की लहर है। स्थानीय लोगों ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव बताते हुए श्रीमती अवस्थी को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। शिक्षाविदों का कहना है कि उनका यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि अंचल के अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए भी एक मजबूत प्रेरणास्रोत साबित होगा।














