पसान/कोरबा। कोरबा जिले के अंतिम छोर जटगा-पसान से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी तक पहुंचने वाले कोटमी-पसान-कटघोरा मार्ग (राज्य मार्ग क्रमांक-04) पर करीब 50.60 किलोमीटर लंबाई में मजबूतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इस निर्माण कार्य को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि मेसर्स सुभाष कुमार अग्रवाल (अ श्रेणी ठेकेदार) के कार्य की निगरानी में सुपरवाइजर द्वारा मनमाने तरीके से निर्माण कराया जा रहा है।
सड़क पर कहीं गड्ढे तो कहीं पत्थर बिखरे नजर आ रहे हैं। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क, पुलिया और नाली निर्माण कार्य में विभागीय तकनीकी अधिकारियों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
पसान बस स्टैंड के पास खोदी सड़क, आवागमन में परेशानी:-
मामला केवल निर्माण की गुणवत्ता तक सीमित नहीं है। पसान बस स्टैंड से लगभग 500 मीटर की दूरी पर सड़क की खुदाई कर डामर निकाला गया, लेकिन आरोप है कि वहां वाहनों के आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक डायवर्जन मार्ग नहीं बनाया गया। इसके चलते सड़क पर जाम जैसी स्थिति निर्मित होती रही और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
तकनीकी जांच और गुणवत्ता परीक्षण की मांग :-
अब सवाल यह है कि 50.60 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग के मजबूतीकरण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी कौन कर रहा है? क्या निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कराया जा रहा है? स्थानीय लोगों ने संबंधित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण स्थल का निरीक्षण कराने, सड़क, पुलिया एवं नाली निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।














