मिथलेश आयम, कोरबा। जिले के पसान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जलके निवासी एक युवक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दुल्लापुर के पास हुआ, जहां दुर्घटना के बाद घायल युवक को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता थी। घटना की सूचना मिलने पर पसान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस के चालक वीर बहादुर सिंह एवं ईएमटी चन्द्रमन सिंह ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल गौरेला रेफर कर दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल को आगे के उपचार के लिए भेजा गया। इस दौरान 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों की तत्परता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली की सराहना की जा रही है। आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना घायल की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
पसान क्षेत्र में सड़क हादसा, जलके का युवक गंभीर रूप से घायल; 108 की तत्परता से पहुंचा अस्पताल















