STATE TV 24.LIVE की खास रिपोर्ट,,
66 हजार प्रगणक एवं पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी, 16 से 19 नवम्बर तक दूसरे बैच के मास्टर ट्रेनर्स को दिया जाएगा प्रशिक्षण।
रायपुर, 05 नवम्बर 2026। भारत की जनगणना-2027 को लेकर छत्तीसगढ़ में तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य राज्य में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी संकलित करेंगे।
इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए प्रदेशभर में लगभग 66 हजार प्रगणक एवं पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। इनके प्रशिक्षण की जिम्मेदारी 1,120 फील्ड ट्रेनर्स को सौंपी गई है। वहीं, फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करने के लिए 60 मास्टर ट्रेनर्स नामित किए गए हैं।
मास्टर ट्रेनर्स का राज्यस्तरीय प्रशिक्षण नवा रायपुर स्थित प्रशासन अकादमी में दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच का प्रशिक्षण 2 से 5 नवम्बर तक संपन्न हो चुका है। अब दूसरा बैच 16 से 19 नवम्बर 2026 तक आयोजित होगा। राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्र और प्रदीप कुमार साव प्रशिक्षण देंगे।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रिया, प्रश्नावली, मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग, आंकड़ों का संकलन और उनकी शुद्धता सुनिश्चित करने संबंधी तकनीकी जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के बाद मास्टर ट्रेनर्स जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद फील्ड ट्रेनर्स प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को तैयार करेंगे, ताकि जनगणना का कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके।















