मिथलेश आयम, गौरेला पेंड्रा मरवाही: स्वामी आत्मानंद शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पेंड्रा (संबद्ध अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर) की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा ग्राम पंचायत नवागांव में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर की समापन पूर्व संध्या पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत नवागांव की सरपंच नरेश कुंवर एवं उपसरपंच राजमोहन वासुदेव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता प्राचार्य डी.आर. भार्गव ने की।
सांस्कृतिक संध्या में शासकीय कन्या हाई स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माध्यमिक शाला और प्राथमिक शाला नवागांव के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, लोकगीत और आकर्षक नृत्य की प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। मुख्य अतिथि उपसरपंच राजमोहन वासुदेव ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है तथा उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास होता है। प्राचार्य डी.आर. भार्गव ने कहा कि पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत की ओर से प्रतिभागी विद्यार्थियों और रासेयो स्वयंसेवकों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी कमलेश कुमार साहू ने किया और आभार प्राचार्य भार्गव ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम अधिकारी कमलेश कुमार यादव, स्वयंसेवक, विद्यार्थी, शिक्षक और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।














