गौरेला पेंड्रा मरवाही: कार्यशाला में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने VB-G RAM G योजना एवं विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) के उद्देश्यों, प्रावधानों एवं ग्रामीणों को मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्राम पंचायतों को समग्र रूप से विकसित, आत्मनिर्भर एवं सुविधायुक्त बनाना भी है। VB-G RAM G योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों में टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण किया जाना है।
कलेक्टर ने VGPP पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को एक विकसित ग्राम पंचायत के रूप में तैयार करने के लिए सुनियोजित एवं लक्ष्य आधारित विकास कार्ययोजना बनाई जाए। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायत में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों, जल स्रोतों, वर्तमान परिसंपत्तियों, मूलभूत सुविधाओं एवं अधोसंरचना की स्थिति का आकलन कर विकास की आवश्यकताओं को चिन्हांकित किया जाए। गांव की वर्तमान स्थिति और भविष्य की आवश्यकताओं के बीच के अंतर को दूर करते हुए विकास के सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों को कार्ययोजना में शामिल किया जाए।
उन्होंने सभी सरपंचों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक करें तथा विकास कार्यों के चयन एवं प्राथमिकता निर्धारण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। जल संरक्षण, जल संवर्धन एवं अन्य मजदूरीमूलक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं। साथ ही निर्धारित 60:40 के मजदूरी एवं सामग्री अनुपात का पालन करते हुए ग्राम पंचायतों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं एवं अधोसंरचना निर्माण के कार्य भी प्रस्तावित किए जाएं।
कलेक्टर ने GPDP (ग्राम पंचायत विकास योजना) एवं VGPP के निर्माण में आपसी समन्वय और जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्राम पंचायत की विकास योजना केवल कागजी दस्तावेज न होकर गांव के समग्र विकास का रोडमैप होनी चाहिए। इसमें जल संरक्षण, स्वच्छता, आजीविका, आधारभूत सुविधाओं, ग्रामीण अधोसंरचना एवं उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग को समाहित किया जाए, ताकि प्रत्येक ग्राम पंचायत विकास के निर्धारित लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ सके।
उन्होंने सभी सरपंचों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे ग्राम सभा को विकास योजना निर्माण का प्रभावी माध्यम बनाएं और ग्रामीणों की आवश्यकताओं एवं सुझावों के आधार पर सहभागी कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि VB-G RAM G एवं VGPP के समन्वित क्रियान्वयन से गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा और विकसित ग्राम पंचायत के संकल्प को साकार करते हुए योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकेगा।















