कोरबा/कटघोरा(StateTv24) : कटघोरा वनमंडल के मातिन क्षेत्र से वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां हाथियों के झुंड में एक नन्हे शावक का जन्म हुआ है। बीती रात मातिन स्थित टेटी नदी के किनारे एक हथिनी ने शावक को जन्म दिया, जिसके बाद वनमंडल में हाथियों की कुल संख्या 51 से बढ़कर 52 हो गई है। वन विभाग के अनुसार, पचरा सर्किल में इन दिनों करीब 19 हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है, जिसमें यह गर्भवती हथिनी भी शामिल थी। शावक के जन्म की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है और हाथियों के झुंड की निगरानी तेज कर दी गई है।
मां और शावक दोनों स्वस्थ :-
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हथिनी और उसका नवजात शावक दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं। वन विभाग की विशेष टीम लगातार उनकी गतिविधियों और स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।
ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी :-
प्रसव के बाद अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर हथिनी बेहद संवेदनशील और आक्रामक हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने आस-पास के ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी किया है। लोगों से सख्त अपील की गई है वन विभाग की अलग-अलग टीमें क्षेत्र में मौजूद हाथियों के अन्य दलों की गतिविधियों पर भी 24 घंटे नजर रख रही हैं। ग्रामीणों को निर्देश दिया गया है कि हाथियों की हलचल दिखने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दें।















