पसान (कोरबा): छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले अंतर्गत पसान थाना क्षेत्र में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव मनोज कुमार मरावी के साथ आरोपी अभिषेक महेश्वरी उर्फ़ पिंकू महेश्वरी, के द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सड़क पार करने के दौरान उपजे मामूली विवाद के बाद यह घटना घटी। मरावी ने पसान थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क पार करते समय हुआ विवाद :-
घटना शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे की है। मनोज कुमार मरावी ग्राम पसान के मुख्य मार्ग पर गोंगपा किसान मोर्चा के ब्लॉक अध्यक्ष भुवन सिंह पेद्रो के निवास के पास मौजूद थे। वहां रेत से लदे ट्रैक्टर चालक से बात करने के लिए जैसे ही वे सड़क पार करने लगे, तभी पीछे से मोटरसाइकिल सवार दो युवक पहुंचे। बताया जा रहा है कि बाइक सवार इलेक्ट्रॉनिक सामान (टॉर्च, घड़ी आदि) बेचने का काम करते हैं। बाइक रोकते ही उन्होंने मरावी पर लापरवाही से चलने का आरोप लगाते हुए ऊंची आवाज में टिप्पणी की। मरावी द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से बात करने का आग्रह करने पर विवाद और बढ़ गया।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी :-
शिकायत के अनुसार, शांत रहने की बात सुनते ही बाइक सवार व्यक्ति भड़क उठा। उसने मरावी को मां-बहन की अभद्र गालियां दीं तथा जातिगत व व्यक्तिगत रूप से अपमानित करने का प्रयास किया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने उन्हें किसी वाहन से कुचलवाकर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद वह अपने साथी के साथ कोटमी की ओर फरार हो गया।
पुलिस में शिकायत दर्ज :-
घटना के तुरंत बाद मनोज मरावी पसान थाना पहुंचे और नामजद विवरण के साथ शिकायत सौंपी। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की। पसान पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों, आरोपों की पुष्टि और संबंधित पक्षों का आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।















