*कांग्रेस पार्टी राष्ट्रव्यापी आह्वान पर – वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत जटगा मंडल में जनचौपाल, संवाद 17 बूथों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उठाई मतदाता अधिकारों की आवाज*
**मतदाता सूची से कटे नामों को दोबारा जुड़वाने की पहल, सरपंच और जनपद सदस्यों की मौजूदगी में लोकतंत्र की मजबूती पर हुआ संवाद।**किसी भी लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। इसी मतदान अधिकार की सुरक्षा और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर जटगा में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत मंडल स्तरीय जनचौपाल संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोला गोस्वामी ने की।
जनचौपाल में जटगा क्षेत्र के 17 बूथों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान मतदाता सूची से नाम कटने, नामों में त्रुटियों और पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए बूथ स्तर पर जागरूकता और सहयोग की जरूरत है।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोला गोस्वामी, जटगा प्रभारी शिवनंदन कुजूर, जटगा मंडल अध्यक्ष हीरा लाल डहरिया सहित अन्य मंडलों के प्रभारी, सरपंच, जनपद सदस्य एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान
जनचौपाल में अभियान को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाने, मतदाता सूची की जांच करने तथा जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची से छूट गए हैं, उन्हें नियमानुसार नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में सहयोग देने पर जोर दिया गया।
जनचौपाल से उठा स्पष्ट संदेश—वोट केवल मतदान नहीं, बल्कि लोकतंत्र में नागरिक की सबसे बड़ी आवाज है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज हो और उसका मताधिकार सुरक्षित रहे, यही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।














