मिथलेश आयम, कोरबा/पसान। ब्लॉक कांग्रेस किसान मोर्चा के अध्यक्ष आनंद मित्तल ने दीपावली के पावन अवसर पर जिले के समस्त किसान भाइयों एवं क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने आगामी धान खरीदी को लेकर किसानों की समस्याओं पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।
प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे में किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे लेकर आनंद मित्तल ने राजस्व विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से समय रहते आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि जिन किसानों को धान खरीदी से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या हो रही है, उनकी समस्याओं को राजस्व विभाग गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान करे। किसानों को पंजीयन, रकबा एवं अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर अनावश्यक परेशान न किया जाए।
आनंद मित्तल ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि धान खरीदी के दौरान किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि किसानों की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं किया गया और उन्हें परेशान किया गया, तो कांग्रेस किसानों के हित में उनकी आवाज बुलंद करेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाया जाए, ताकि जिले के किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।















