पेंड्रा। साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद पेंड्रा के कंप्यूटर ऑपरेटर श्रवण यादव ने अनोखे अंदाज में जन-जागरूकता अभियान चलाया। आकर्षक एवं डरावनी भूत की पोशाक पहनकर श्रवण यादव ने पेंड्रा नगर के विभिन्न भीड़भाड़ वाले स्थलों, दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर पहुंचकर लोगों को साइबर ठगी से सावधान रहने का संदेश दिया। उनकी अनूठी वेशभूषा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और जागरूकता के संदेश को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया।
अभियान के दौरान लोगों को फर्जी फोन कॉल, ओटीपी मांगने, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी लिंक, क्यूआर कोड, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने की जानकारी दी गई। श्रवण यादव ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या यूपीआई पिन साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और लालच देने वाले संदेशों पर भरोसा करने से बचें। त्योहारी माहौल के बीच भूत की पोशाक में चलाए गए इस अनूठे जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को मनोरंजक तरीके से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना और डिजिटल सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
साइबर फ्रॉड से सावधान! भूत की पोशाक में श्रवण यादव ने चलाया जागरूकता अभियान दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनोखे अंदाज में लोगों को किया जागरूक















