पेंड्रा/बिलासपुर(StateTV24) : बिलासपुर वृत्त स्तर पर वन विभाग ने बड़े पैमाने पर वन कर्मचारियों को पदोन्नति की सौगात दी है। विभाग द्वारा जारी की गई नई सूची के अनुसार, कई वनपालों को प्रमोट कर उप वन क्षेत्रपाल (डिप्टी रेंजर) के पद पर पदोन्नत किया गया है। विभाग की ओर से पदोन्नत कर्मचारियों की सूची तो जारी कर दी गई है, लेकिन उनकी नई पदस्थापना (पोस्टिंग) को लेकर अभी कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पदोन्नत कर्मचारियों की नई पोस्टिंग से जुड़ा अलग आदेश जल्द ही जारी किया जाएगा। पदोन्नति की खुशखबरी मिलने के बाद अब सभी कर्मचारियों की निगाहें पोस्टिंग सूची पर टिकी हुई हैं कि उन्हें किस रेंज या बीट की जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रकाश बंजारे को मिला प्रमोशन :-
इस पदोन्नति सूची में मरवाही वनमंडल के पेंड्रा वन परिक्षेत्र कार्यालय में पदस्थ वनपाल प्रकाश बंजारे का नाम भी शामिल है। उन्हें विभागीय कार्यों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और समर्पण के लिए यह पदोन्नति दी गई है। प्रकाश बंजारे के उप वन क्षेत्रपाल बनने पर स्थानीय वन अमले में हर्ष का माहौल है। उनके प्रमोशन की खबर मिलते ही वन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कार्यालयीन स्टॉफ की ओर से उन्हें लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। साथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे विभाग के लिए एक सकारात्मक कदम बताया है।















