कोटा (बिलासपुर)। बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला आमामुड़ा में पालकों ने प्रधान पाठक राधेश्याम पोर्ते और शिक्षक रवि शंकर पैकरा को हटाने की मांग को लेकर धरना दिया। संकुल केंद्र बानाबेल के अंतर्गत आने वाले इस स्कूल में दोनों पर शराब पीकर स्कूल आने का आरोप लगाया गया है।
पालकों ने बच्चों के साथ स्कूल के बाहर टेंट लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोनों शिक्षकों को नहीं हटाया जाता, वे बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। मांग पूरी न होने पर चक्काजाम करने की भी धमकी दी गई। पालकों का कहना है कि पहले भी शिक्षक रवि शंकर पैकरा के खिलाफ इसी आरोप को लेकर शिकायत की जा चुकी है और उनके पास साक्ष्य मौजूद हैं। अब उन्होंने प्रधान पाठक को भी हटाने की मांग कर दी है।
मध्यान्ह भोजन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। पालकों का आरोप है कि 12 सदस्यीय समूह में सिर्फ दो लोग ही भोजन बना रहे हैं। उन्होंने इन दोनों को हटाने और नियमों के अनुसार व्यवस्था बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बच्चों को मध्यान्ह भोजन करने से भी रोका गया।
पालक मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन में लिखित शिकायत करेंगे। साथ ही डीईओ, बीईओ और एसडीएम के समक्ष भी मामला उठाएंगे। उन्होंने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और शिक्षकों का पक्ष अभी सामने आना बाकी है। अब शिक्षा विभाग और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।













