कटघोरा, पसान । कटघोरा वन मण्डल के वन परिक्षेत्र अंतर्गत खोड़री बिट में ग्राम पंचायत खोड़री निवासी प्रताप सिंह वाकरे की दंतैल हाथी के हमले में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पसान क्षेत्र में पिछले काफी समय से हाथी घूम रहे थे। इन हाथियों ने क्षेत्र की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार हाथी लगातार इलाके में विचरण कर रहे थे, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं।
वन विभाग द्वारा लोगों से लगातार अपील की जा रही थी कि वे हाथियों को न छेड़ें और भीड़-भाड़ न इकट्ठा करें। विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से बार-बार चेतावनी जारी की थी। हालांकि आम नागरिकों द्वारा इन अपीलों को गंभीरता से नहीं लिया गया। प्रताप सिंह वाकरे पर हुए हमले की घटना के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।













